एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल”–डॉ. नीलकंठ तिवारी
जनपद में 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों हेतु एचपीवी वैक्सीन अभियान का शुभारम्भ
मॉडल टीकाकरण केंद्र का भी किया गया शुभारंभ

वाराणसी। जनपद में 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अभियान का शुभारम्भ शनिवार को पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, कबीरचौरा, वाराणसी से किया गया। इसके साथ ही मॉडल टीकाकरण केंद्र का भी शुभारंभ किया गया।
मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जब परिवार में कोई महिला कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से ग्रसित होती है तो पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित होता है तथा परिवार के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में समय-समय पर निरोधात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है तथा किशोरियों में भविष्य में कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम करती है। यह सुरक्षित एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित वैक्सीन है तथा प्रारंभिक आयु में टीकाकरण से अधिक प्रभावी प्रतिरक्षा विकसित होती है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि यह वैक्सीन 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15वां जन्म दिवस मनाने से पूर्व की किशोरियों को लगाया जाएगा। इसके पश्चात इस आयु वर्ग की किशोरियों को यह टीका नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष आयु वर्ग की पुत्रियों का अभियान के दौरान एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया सहित सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि व अन्य चिकित्साधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।








Users Today : 0
Users Yesterday : 0